बाहरी नेताओं को जिले में बुलाया तो सड़क पर उतरेंगे राजपूत
सहारनपुर। राजपूत समाज की बैठक में कांग्रेस नेता इमरान मसूद पर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि किसी बाहरी नेता को जिले में बुलाया तो राजपूत समाज के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
चंद नगर स्थित अहमद बाग पर हुई बैठक में नागेंद्र राणा ने कहा कि जातीय संघर्ष के माहौल में इमरान मसूद जैसे लोग आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। इमरान मसूद राजनीति के लालच में दलितों का ढोंगी प्रेम दिखा रहे हैं। 23 मई को बसपा सुप्रीमो ने सहारनपुर में आकर माहौल खराब कर दिया और अब इमरान मसूद दूसरे नेताओं को बुलाकर माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। जिससे राजपूत समाज में रोष व्याप्त है। अगर बाहरी नेताओं को जिले में आने दिया गया तो राजपूत समाज के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से किसी को भी जिले में न आने देने की अपील की। उन्होंने 9 मई को भीम आर्मी द्वारा की गई घटनाओं में इमरान मसूद की भूमिका की बारीकी से जांच कराए जाने की मांग की। बैठक में राजन राणा, संजय राणा, मनोज राणा, सचिन राणा, दिलावर राणा, शक्ति राणा, राहुल राणा, मोहित राणा मौजूद रहे।