सहारनपुर। तमाम कोशिशों के बावजूद बिजली बिलों की गड़बड़ी में सुधार नहीं हो पा रहा है। लखनौती में संचालित होने वाले ड्रग वेयर हाउस का बिजली बिल 14 लाख रुपये से अधिक का आया है। जिसने प्रबंधन को हैरानी में डाल दिया। ऐसे में प्रबंधन की ओर से विद्युत निगम को पत्र लिखा गया।
दरअसल, गंगोह के लखनौती में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस का कनेक्शन नवंबर 2023 में हुआ था। नवंबर, दिसंबर 2023 और जनवरी 2024 तक बिजली बिल 90 हजार 124 रुपये आया था। फरवरी का बिजली बिल 42 हजार 863 रुपये आया, लेकिन इसके बाद मीटर में ऐसा क्या हुआ कि मार्च का बिल 12 लाख 35 हजार 763 रुपये तक पहुंच गया। जिसे देखकर ड्रग वेयर हाउस प्रबंधन भी हैरान रह गया।
इसके बाद विद्युत निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा गया। मीटर चेक हुआ तो बिल 12 लाख 35 हजार 763 रुपये से घटकर एक लाख नौ हजार 255 रुपये रह गया। अप्रैल के बिल ने फिर प्रबंधन के होश उड़ा दिए। बिल 14 लाख 17 हजार 751 रुपये का पहुंचा। पिछले दो महीने से लगातार बिजली बिल बढ़कर आने से विद्युत निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ड्रग वेयर हाउस प्रभारी ने अधिशासी अभियंता ने बिल को ठीक कराने के लिए पत्र लिख दिया है।
उधर, अधीक्षण अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। पता लगाया जाएगा कि किस वजह से बिल बढ़ा या फिर ठीक है। पूर्व के बिल भी देखे जाएंगे।