नागल में चुनाव का बहिष्कार करते नासिरपुर डिगोली के ग्रामीण। श्रोत ग्रामीण
नागल। प्रशासन की अनदेखी से नाराज विकासखंड नागल के गांव नासिरपुर डिगोली के ग्रामीणों ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के मतदान के बहिष्कार का बैनर मुख्य मार्ग पर लगा दिया।
इस दौरान मौके पर जुटे ग्रामीणों भूपेंद्र त्यागी, यशवीर, प्रवीण त्यागी, नरेंद्र शर्मा, पंकज त्यागी, कुलदीप त्यागी, राम सिंह, रमाकांत त्यागी आदि का कहना था कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार उनके गांव की अनदेखी कर रहे हैं। उनके गांव में श्मशान की भूमि मात्र दो बिस्से और वह भी गांव से ढाई किलोमीटर दूर है। इस पर भी कोई रास्ता नहीं है। ग्रामीण पिछले 40 वर्षों से प्रियजनों की मौत होने पर शव का अंतिम संस्कार गांव के ही एक व्यक्ति के निजी खेत में कर रहे हैं। नागल से गांव तक बड़ी सड़क की दस साल पहले मरम्मत हुई थी जिसके बाद इसकी सुध नहीं ली गई। इन सभी समस्याओं का निदान न होने पर उन्होंने लोकसभा चुनाव के मतदान के बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। उधर, एसडीएम देवबंद अंकुर वर्मा ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। गांव में टीम भेजकर ग्रामीणों से बातचीत की जाएगी।