बेहट (सहारनपुर)। चक अबाबाकरपुर नौगांवा के पास निर्माणाधीन पोल्ट्री फार्म के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया और निर्माण कार्य को रुकवाकर वहां कार्य कर रहे मजदूरों को भगा दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने पोल्ट्री फार्म के निर्माण कार्य को बंद नहीं कराया, तो वह आंदोलन करेंगे। बुधवार की सुबह गांव बेलका माफी व चक अबाबाकरपुर नौगांवा के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ बेलका-नौगांवा मार्ग पर निर्माणाधीन पोल्ट्री फार्म पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने पोल्ट्री फार्म के विरोध में पहले तो यहां घटों हंगामा किया और बाद में वहां काम कर रहे मजदूरों को भगा दिया। हंगामा कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि जिस जगह फार्म का निर्माण कराया जा रहा है, वह फल पट्टी बेहट क्षेत्र में आता है, जिसके निर्माण से आम के बागानों को भारी नुकसान हो सकता है। साथ ही यह फार्म दोनों गांव की आबादी से करीब 500 मीटर की दूरी पर बनाया जा रहा है, जिससे फैलने वाली दुर्गंध से संक्रामक रोगों के भी फैलने की आशंका बनी रहेगी। यहां बता दें, कि दो दिन पहले चक अबाबाकरपुर नौगांवा के ग्राम प्रधान राशिद, बेलका माफी के प्रधान सुशील अन्य ग्रामीणों के साथ तहसील मुख्यालय पहुंचे थे और एसडीएम को एक शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य को बंद कराने की मांग की थी, लेकिन मुर्गी फार्म का निर्माण कार्य बंद नहीं कराया गया, जिस पर बुधवार को ग्रामीणों ने खुद ही निर्माण कार्य बंद कराते हुए मजदूरों को वहां से भगा दिया। हंगामा करने वाले मांगेराम शर्मा, मुकेश चौहान, प्रीतम चौहान, अरविंद चौहान, रामपाल, चौधरी रामकुमार, मांगेराम आर्य, बाबूराम मुखिया, भूपेंद्र सिंह, संजय चौधरी, योगेश, विक्रम, विशाल चौधरी, विनय आदि शामिल रहे।