सहारनपुर। महाराज सिंह डिग्री कॉलेज में बृहस्पतिवार को गायन और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को महाविद्यालय में संस्थापक सप्ताह कार्यक्रम के दौरान छात्र एवं छात्राओं की अलग अलग वर्ग में गायन और नृत्य प्रतियोगिता कराई गई। आयोजन का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डाक्टर एके डिमरी, गायन प्रतियोगिता के निर्णायक संजीव झींगरान, शशिकांत त्यागी, सुशील नाज और महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों द्वारा किया गया। गायन प्रतियोगिता का संचालन अजय कुमार शर्मा और डाक्टर अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। नृत्य प्रतियोगिता का संचालन डाक्टर पूनम त्यागी ने किया। नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डाक्टर राखी डिमरी, बबीता मलिक और शीतल मल्होत्रा रहीं।
प्रतियोगिता परिणाम
गायन प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में मुकीम ने प्रथम, इरतजा हसन द्वितीय और भानू प्रताप तृतीय स्थान पर रहे, जबकि छात्रा वर्ग में नीलू ने प्रथम, जैनब बिलाल ने द्वितीय और भावना देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, नृत्य प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) में सुरभि शर्मा प्रथम, सुरभि भारद्वाज द्वितीय और एलीना तृतीय स्थान पर रहीं। जबकि छात्र वर्ग में इर्तजा प्रथम, शिवम द्वितीय और मोहम्मद अफसर तृतीय स्थान पर रहा।