सहारनपुर। प्रदेश सरकार के बजट में सहारनपुर के साथ ही अन्य जनपदों के लिए भी बहुत कुछ दिया गया, जिससे एक बार फिर गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा का कद बढ़ता नजर आया है।
सहारनपुर में यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था कराने के अलावा मां शाकंभरी देवी मंदिर का विकास धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में कराने की घोषणा बड़ा फैसला है। इसके अलावा शामली जिले में पीएसी कैंप से लेकर गढ़मुक्तेश्वर के लिए 27 करोड़ रुपये, गाजियाबाद मेट्रो के लिए भी बजट में करोड़ों रुपये की व्यवस्था की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बजट में इन जनपदों को धनराशि का आवंटन भविष्य के लिए भाजपाइयों को ऊर्जा का कार्य करेगा।
उधर, गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा का कहना है कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर चिंतित रहे हैं। बजट में भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश को तरजीह दिलाने का प्रयास किया गया। दो महीना पहले ही वह सहारनपुर में यूनिवर्सिटी की स्थापना और मां शाकंभरी देवी मंदिर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार ने बजट में पश्चिमी यूपी को जो दिया, उससे विकास को पंख लगेंगे।