सहारनपुर। लापता हुए इंटरमीडिएट के छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने स्कूल से लेकर घर तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखीं। उसके दोस्तों से भी पूछताछ की। एक फुटेज में वह ऑटो में बैठकर जाता हुआ नजर आया है। जिससे पुलिस मान रही है कि छात्र स्वयं ही घर से गया है।
देहात कोतवाली के मोहल्ला शेखपुरा कदीम निवासी राव उमर का पुत्र राव साहिब पेपर मिल रोड स्थित आरसी इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र है। शनिवार की सुबह वह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटा। रविवार को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने छात्र की तलाश में कई जगह के सीसीटीवी को खंगाला। जिसमें उसकी एक कैमरे में फुटेज नजर आई है, जिसमें वह ऑटो में बैठकर जाता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में उसके कुछ दोस्तों से भी पूछताछ की।
देहात कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि छात्र के दोस्तों ने बताया कि छात्र काफी देर उनके साथ खेलता रहा। उसके बाद उनसे कहकर गया कि वह घर छोड़कर जा रहा है। छात्र ने यह नहीं बताया कि वह कहां जा रहा है। उन्होंने बताया कि छात्र स्वयं ही गया है। उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।