स्कूल अध्यापक पर छात्रा की पिटाई का आरोप
देवबंद (सहारनपुर)। स्कूल में किताब नहीं लेकर जाने को लेकर टीचर द्वारा कक्षा आठ की छात्रा पीटे जाने का आरोप है। पीड़ित पिता ने पुलिस को टीचर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी मारुफ खान ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी अतिया मारुफ नगर के एक कालेज में कक्षा आठ की छात्रा है। शनिवार को बेटी स्कूल गई तो वह एक किताब ले जाना भूल गई। आरोप है कि इसी को लेकर स्कूल की एक टीचर ने पहलेे तो उसके थप्पड़ मारे और फिर डंडा उठाकर बेटी को मार दिया। जिसकी वजह से उसकी नाक से खून निकलने लगा और चक्कर खाकर वह जमीन पर गिर पड़ी। मारुफ खान का आरोप है कि स्कूल प्रबंधतंत्र ने उन्हें सूचना देने के बाद बेटी को रिक्शा में अकेले बैठाकर घर भेज दिया। जिसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। मारुफ के मुताबिक जब उसने इस संबंध में स्कूल प्रबंधतंत्र से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इस मामले में स्कूल प्रबंधतंत्र का कहना है कि इस तरह का कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उधर, कोतवाल अभिषेक सिरोही का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।