नानौता। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने से हड़कंप मच गया। शनिवार को पूर्व चेतावनी के अनुसार एसडीएम रामपुर मनिहरान संगीता सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। सुबह से ही शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ कार्यक्रम शाम तक चलता रहा। इस दौरान पिछले तीन दिनों से नगर पंचायत की ओर से दी जा रही चेतावनी को अनसुना करने वाले को सबसे अधिक परेशानी उठानी पडी। क्योंकि दुकानों के लगाए गए टीनशेड को जेसीबी ने तोड़ डाला। आनन-फानन में लोगों ने अपने सामान को बचाने का भी प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं पाए। कहीं-कहीं पर लोगों ने इसका विरोध भी करने का प्रयास किया, लेकिन विरोध को अधिकारियों ने दरकिनार करते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर डाला। अतिक्रमण हटवाए जाने के दौरान नगर के गंगोह रोड स्थित दुकानदार चिंतामणि जैन का टीनशेड गिरने से घायल हो गया। जिसे तुरंत सीएचसी पर ले जाया गया। इस दौरान एसडीएम संगीता सिंह, थानाध्यक्ष सुधीर कुमार उज्जवल, तहसीलदार रामपुर मनिहारान, कानूगो सचिन कुमार, लेखपाल सुशील कुमार, ईओ जितेन्द्र राणा सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
पुन: अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई।
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र कुमार राणा ने कहा कि अतिक्रमण करने वाले को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटवाए जाने के बाद यदि किसी ने दोबारा से अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ थाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। और उससे जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।