वसूली के बाद जमा नहीं कराई राशि, अमीन पर मामला दर्ज
सहारनपुर। बकाएदार से वसूली करने के बाद सीजनल संग्रह अमीन ने रसीद तो काट दी। लेकिन बैंक खाते में पैसा ही जमा नहीं कराया। बैंक से कर्ज लेने वाले पर नोटिस पहुंचा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में डीएम के आदेश पर तहसीलदार प्रीति सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला आर्य समाज, खालापार जाफर नवाज निवासी आराधना कर्णवाल ने तहसील दिवस में शिकायत की थी कि बैंक से उसने कर्ज लिया था। उसे समय पर न चुका पाने के चलते बैंक ने तहसील द्वारा वसूली कराई। वसूली के लिए सीजनल संग्रह अमीन चंद्रपाल पहुंचा और उसने ऋण की वसूली कर ली। उसने इसकी रसीद भी काटकर दे दी। लेकिन बैंक की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया और उन्होंने मामले की जानकारी की तो पता चला कि उनके ऋण खाते में एक भी पैसा जमा नहीं किया गया।
डीएम ने इस मामले की जांच कराई। इसमें पता चला कि उस समय सदर तहसील में सीजनल संग्रह अमीन चंद्रपाल ने गबन किया है। उसने रसीद काटकर पैसे वसूल कर लिए, लेकिन खाते में जमा नहीं कराए। जांच के रिपोर्ट के बाद डीएम के आदेश के बाद तहसीलदार ने सदर कोतवाली में चंद्रपाल निवासी ग्राम गाजीवाला, तहसील नकुड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। तहसीलदार प्रीति सिंह ने बताया कि चंद्रपाल सदर तहसील में सीजनल संग्रह अमीन था। उस पर कई मामले सामने आए थे, इस कारण उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। फिलहाल उस पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।