सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने कहा कि सभी शुगर मिलें शासन द्वारा आवंटित कोटे के अनुसार चीनी बिक्री कर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान करें। उन्होंने शरद कालीन गन्ना बुआई का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी दिए।
शुक्रवार को गन्ना भवन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि शुगर मिलें बकाया गन्ना मूल्य के साथ ही गन्ना विकास समितियों के विकास कमीशन का भुगतान भी करें। उन्होंने कहा कि किसानों को सितंबर के प्रथम सप्ताह में प्री कलेंडर का वितरण हो जाना चाहिए। डीसीओ ने कहा कि सट्टा प्रदर्शन करते समय ही गन्ना की प्रजाति में संशोधन भी करा लिया जाए। उन्होंने गन्ना समितियों में 30 सितंबर तक नए सदस्य बनाने, उपज बढ़ोत्तरी के लिए आवेदन भी 30 सितंबर तक लिए जाने आदि के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान सभी शुगर मिलों के वरिष्ठ प्रबंधक, सभी वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना समितियों के सचिव आदि रहे।