सहारनपुर। भाजपा विधायकों, महापौर और पूर्व विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जिले में विश्वविद्यालय बनाए जाने की मांग की।
गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी, राजीव गुंबर, विश्वविद्यालय कोआर्डिनेशन कमेटी से राजीव अग्रवाल, केएल अरोड़ा, अशोक चावला ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने सीएम से कहा कि सहारनपुर उत्तर प्रदेश का अंतिम जिला है। उत्तराखंड बनने से पूर्व सहारनपुर व्यापारिक और शिक्षा क्षेत्र का प्रमुख गढ़ था। तब सहारनपुर में हरिद्वार और रुड़की भी शामिल थे। उत्तराखंड बनने से रुड़की में स्थित आईआईटी और हरिद्वार का गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय यहां से अलग हो गए। वर्तमान में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ही सहारनपुर और मेरठ मंडल की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करता है। सहारनपुर के युवा वर्ग को उच्च शिक्षा के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सहारनपुर के घाड़ क्षेत्र में पर्याप्त रूप से भूमि उपलब्ध है, वहां सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर भी स्थित है, जहां पूरे देश से लोग आते हैं। इसके अलावा सीनियर सिटीजन सोसायटी का पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया, जिसमें महिला वृद्धा आश्रम बनाए जाने की मांग की।