सहारनपुर। विद्युत निगम की टीम ने सुबह-सुबह मोहल्लों में छापामार कार्रवाई की तो हड़कंप मच गया। लोग सुबह ही घरों का ताला लगाकर फरार हो गए। टीम ने भी पूरी गली के कनेक्शन काट दिए, जबकि 36 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज करा दी।
बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता एके वर्मा एवं सुशील गर्ग ने 18 टीमें बनाकर छह मोहल्लों में एक साथ छापामार कार्रवाई करा दी। मोहल्ला टोपिया सराय, मछियारों का मोहल्ला, पीर वाली गली, आली की चुंगी, शाह बहलोल, माई का तकिया में सुबह छह बजे अचानक छापा लगने से हड़कंप मच गया। जैसे ही चोरी पकड़ी जानी शुरू हुई और कनेक्शन काटे जाने लगे, लोग अपने घरों का ताला लगाकर फरार होने शुरू हो गए। टोपिया सराय की तो एक के बाद एक करके लगभग पूरी गली ही खाली हो गई। जिस पर टीम ने पूरी गली का ही कनेक्शन काट दिया। अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि पूरी गली में ही बिजली की चोरी के मामले सामने आए। यहां तक कि पड़ोसियों ने बिजली चोरी करने वालों के नाम तक नहीं बताए, जो घर का ताला लगाकर भाग गए। जिस पर पूरी गली की ही सप्लाई काट दी गई। विद्युत अधिकारियों ने बिजली चोरी के मामले में 36 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि फरार लोगों के नाम भी टीम पता करने का प्रयास कर रही है। टीम में एसडीओ जवाहर सिंह, पवन कुमार, पंकज राठौर, रब्बान अली, एमसी शर्मा, पंकज गुप्ता शामिल रहे। अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि लोगों को बिजली का कनेक्शन दिए जाने, खराब केबिल, मीटर बदलवाए जाने का समय दिया गया, शिविर लगाए गए, लेकिन कुछ लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। जिस पर छापामार कार्रवाई की जा रही है।
-----------------
-- इन लोगों पर हुई एफआईआर
मोहल्ला टोपिया सराय निवासी जीशान, निसार, शमशेर, रिजान, शराफत, राशिद अहमद, ताहिरा, मोहम्मद इसहाक, बरकत, मोहम्मज नवाज जुबैरी, अयाज, सराय अहमद अली निवासी इरशाद, अबरार, पीरवाली गली निवासी मासूम अली, निगत परवीन, इमराना परवीन, सराय मरदान अली निवासी रियाज अहमद, दिवानों वाली गली निवासी इकराम, सराय हिसामुद्दीन निवासी शौकत, आली की चुंगी निवासी बहार अहमद, फिरोज समेत 36 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।