सहारनपुर। निलंबन की कार्रवाई के बाद भी आंदोलनरत लेखपालों के हौसला कम नहीं हुआ है। शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। उनके आंदोलन को कई संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की।
शुक्रवार को हकीकत नगर धरनास्थल पर आयोजित लेखपालों के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लेखपाल अपने संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा की गई निलंबन की कार्रवाई को उत्पीड़नात्मक करार देते हुए कहा कि लेखपाल इससे डरने वाले नहीं हैं। लंबित मांगों को पूरा होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार को लेखपालों के आंदोलन को उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सीपी सिंह, जिला मंत्री अशोक कुमार मलिक के अलावा अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन, चकबंदी लेखपाल संघ, किसान सभा, शिक्षक संघ आदि ने समर्थन देने की घोषणा की। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामकिशन और संचालन जिला मंत्री राजेश कश्यप ने किया। बाबूराम, सतेंद्र, अनिता तोमर, अंशु, दीपिका, शाईस्ता राव, रामकुमार कश्यप, राकेश कश्यप, नाथीराम, शेर सिंह, प्रदीप शर्मा, अमित कुमार, सत्यपाल, शेषराज तोमर, मुकेश त्यागी, अजय प्रताप, यशपाल सिंह, इसम सिंह, अनुपम चौहान, कुलदीप बाली, मुकेश, राजकुमार, बिजेंद्र सिंह, आफताब खां, राजेश चौहान, कुमार पाराशर आदि रहे।