लहूलुहान हालत में मिले पति पत्नी, महिला की मौत
गंगोह(सहारनपुर)। मोहल्ला मखदूम जहां में एक घर के बंद कमरे में पति-पत्नी लहूलुहान हालत में पड़े मिले। दोनों का गला कटा हुआ था और पास में ही खून से सना उस्तरा पड़ा था। दोनों को तुरंत सीएचसी में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के मोहल्ला मखदूम जहां में वाल्मीकि बस्ती निवासी आशीष पुत्र नरेश नगर पालिका में संविदा सफाईकर्मी है। आशीष के भाई सिकंदर ने बताया कि सोमवार सुबह आशीष के कमरे से खून बहता दिखाई दिया तो उसके होश उड़ गए। उसने दरवाजा खटखटाया परंतु अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उसने अन्य लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर बेड पर आशीष और सोफे पर उसकी पत्नी पिंकी लहूलुहान पड़े थे। दोनों के गले से खून बह रहा था, फर्श पर एक खून से सना हुआ उस्तरा भी पड़ा था। उन लोगों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद पिंकी को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशीष को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी है।
उधर, मृतका पिंकी के पिता ने पति, सास, देवर और देवरानी को नामजद करते हुए दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना झिंझाना के गांव गढ़ी हसनपुर निवासी मृतका के पिता संजय ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि करीब 6 माह पूर्व उसने अपनी बेटी पिंकी की शादी आशीष से की थी। तभी से उसका पति आशीष, सास रामो, देवर सिकंदर और देवरानी बबीता कम दहेज का ताना देकर उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते आ रहे थे। करीब एक माह पूर्व आरोपियों ने मायके से दो लाख रुपये लाने की मांग करते हुए पिंकी को धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया था। रविवार को ही आरोपी आगे ऐसी हरकत ना करने की बात कहकर माफी मांगते हुए उसे मायके से ससुराल लेकर आए थे। तहरीर के अनुसार सोमवार सुबह पिंकी के किसी पड़ोसी ने उन्हें फोन पर बताया कि ससुरालियों ने पिंकी की गला रेतकर हत्या कर दी है। पीड़ित पिता ने जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।