नकुड़ (सहारनपुर)। प्रदेश सरकार के तहसील मुख्यालय को 22 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेशों के बावजूद क्षेत्र में अंधाधुंध बिजली कटौती की जा रही है। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिल पाने से रोजेदारों सहित क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई-कई घंटे बिजली नहीं आने से लोगों के सामने पीने के पानी की भी समस्या हो रही है। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र शासनादेशानुसार बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से लोग बेहाल है। क्षेत्र में अंधाधुंध बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लोगोें के अनुसार सोमवार को नकुड़ क्षेत्र में चुनावी रैली में मुख्यमंत्री ने तहसील मुख्यालय को 22 एवं देहात को 18 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने का दावा किया था। पवन सिंह राठौर एवं राधेश्याम शर्मा, इरशाद निजामी, भाकियू के नगराध्यक्ष डा. इदरीश अहमद, वसीम अहमद, फुरकान, इरशाद कुरैशी आदि का आरोप है कि रमजान माह में पड़ रही भीषण गर्मी के बावजूद तहसील मुख्यालय को मात्र 10-12 घंटे ही बिजली मिल रही है। बताया कि मंगलवार को सुबह नौ बजे बिजली जाने के बाद करीब पांच बजे बिजली आई। लोगों में इसको लेकर विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश है।