सहारनपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की सभाओं की अनुमति देने के लिए समिति का गठन किया।
डीएम ने प्राप्त आवेदन पत्रों पर 24 घंटे के भीतर संबंधित रिटर्निंग आफिसर को भेजे जाने के निर्देश दिए। प्रत्याशी अपने पक्ष में जनसमर्थन व सभाओं की अनुमति के लिए अपने क्षेत्र के एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के माध्यम से भेजें। निर्देश दिए कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 में प्राप्त प्रारूप सात-ख के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा निर्देशित प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित करें।
ईवीएम की देखरेख के लिए इंजीनियर नियुक्त
सहारनपुर। अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार ने नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन के लिए ईवीएम की सेटिंग, मतदान एवं मतगणना के लिए इंजीनियर नियुक्त करने के निर्देश दिए।
मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण नौ और दस को
सहारनपुर। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक एवं सीडीओ संजीव रंजन ने बताया कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 को संपन्न कराने के लिए मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण नौ व दस नवंबर को कराया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम जनमंच प्रेक्षागृह एवं रोटरी क्लब हाल गांधी पार्क में होगा। द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 से 24 नवंबर को कराया जाएगा। मतगणना के लिए 25 नवंबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।