नगरायुक्त का घेराव, लेखा परीक्षक के साथ अभद्रता की
सहारनपुर। बड़ी संख्या में निगम पहुंचे सफाईकर्मियों ने नगरायुक्त का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं, गुस्साए सफाईकर्मियों ने नगरायुक्त के सामने बैठे लेखा परीक्षक पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाते हुए उनके साथ अभद्रता की। मामला गर्माता देख नगरायुक्त ने मीटिंग हॉल में सफाईकर्मियों के साथ बैठक कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। सफाईकर्मियों ने मांग नहीं माने जाने पर सफाई व्यवस्था ठप कर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
मृतक आश्रित को नौकरी दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ और राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांति मोर्चा से जुड़े सफाईकर्मी सोनी आजाद के नेतृत्व में नगरायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मिले लेखा परीक्षक पर सफाईकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। कई ने लेखा परीक्षक को पकड़ लिया। कागज का बंडल तक उनके कंधे पर दे मारा। इतना ही नहीं, गालियां तक दी गईं। सफाईकर्मियों ने लेखा परीक्षक पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाया। लेखा परीक्षक से पूछा कि बताओ मृतक आश्रित को नौकरी देने की एवज में तुम्हें कितना रुपया चाहिए। सोनी आजाद ने आरोप लगाया कि लेखा परीक्षक जानबूझकर मामले को लटका रहे हैं। उनकी मनमानी की वजह से मृतक कर्मचारी के बच्चे भूखों मरने के कगार पर हैं। स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ठेके पर काम करने वाले सफाईकर्मियों को पूरा मानदेय 7500 देने की मांग भी उठाई। मामला गर्माता देख नगरायुक्त ने सफाईकर्मियों को मीटिंग हॉल में पहुंचने को कहा। इसके बाद अधिकारियों और सफाईकर्मियों के बीच लंबी वार्ता चली, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। वार्ता में राजकुमार, रोमी भगत, प्रेमचंद बौहत, धीरज आजाद, राजकमल गौतम, अनुज, अमित, सुनील, नीरज, विकास, गौरव, प्रमोद, सुधा, विनोद आदि शामिल रहे।
संगठन का विस्तार किया
सहारनपुर। सफाई कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इसमें राधेश्याम बौहत को प्रदेश सचिव, नरेश प्रेमी को कार्यवाहक अध्यक्ष, तौसीफ अहमद को नगराध्यक्ष, अमन कुमार को मंडल महामंत्री, अनिल चौधरी को जिला उपाध्यक्ष, अन्नू बिरला को मीडिया प्रभारी, अविनाश बिरला को मंडल प्रभारी, अश्वनी तेश्वर को नगर उपाध्यक्ष, भारत राज को नगर सचिव, हंसराज बौहत को वरिष्ठ नगर उपाध्यक्ष और स़ृृरजीत को नगर उप महामंत्री बनाया गया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव सुनील चौधरी, रोहित, प्रवीन, अर्जुन, अमन, नरेश आदि मौजूद रहे।