सहारनपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला कारागार में एचआईवी और टीबी जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान 128 कैदियों की एचआईवी व टीबी जांच की गई। इसमें कैदियों की एचआईवी रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि टीबी के नमूने जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे गए।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 128 कैदियों की एचआईवी व टीबी जांच की। राहत की बात यह रही है कि सभी कैदियों की रिपोर्ट में एचआईवी एड्स की पुष्टि नहीं हुई। टीबी के नमूने लेकर एसबीडी जिला अस्पताल की लैब भेज दिए हैं, जिनकी रिपोर्ट एक से दो दिन के अंदर आएगी। यदि किसी में टीबी पाया जाता है तो उसका इलाज शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जेल में जांच शिविर मंगलवार व बुधवार को भी लगेगा। इस मौके पर जेल अधीक्षक सत्यप्रकाश चंद, जेलर प्रशांत उपाध्याय, जेल चिकित्साधिकारी डॉ. नासिर खान, वरिष्ठ क्षय रोग लैब पर्यवेक्षक एमपी सिंह चावला, फार्मासिस्ट राकेश तिवारी, अशोक पंवार, नरेंद्र, नाथीराम, अर्जुन आदि रहे।