बेहट। यमुना नदी में डूबे छज्जा गांव के गौरव का शव दस दिन बाद बुधवार को कड़ाईवाला घाट से मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
बता दें कि 7 फरवरी को थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव छज्जा निवासी निर्देशो और उसका 12 वर्षीय बेटा हरियाणा से लौटते समय यमुना नदी में डूब गए थे। निर्देशो का शव अगले दिन 8 फरवरी को कोठड़ा घाट से मिल गया था, जबकि गौरव की तलाश गोताखोर टीम से कराई जा रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। बुधवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे हथनीकुंड पुलिस चौकी पर किसी ग्रामीण ने सूचना दी कि यमुना नदी में कड़ाईवाला घाट पर किसी बच्चे की लाश पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त गौरव के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।