संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा। निवेश के नाम पर 12 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर यह ठगी की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
गांव माजरी कला निवासी मंगेश ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार, अखलद, तबरेज, सायरा, हुसैन, नीरज और लविश चौधरी उर्फ नवाब अली ने उन्हें निवेश का लालच दिया। इन आरोपियों ने एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया था। मंगेश से कुल 12 लाख 50 हजार रुपये तीन किस्तों में लिए गए। छह मई 2024 को चार लाख रुपये लिए गए। 13 जून 2024 को भी चार लाख रुपये लिए गए। अंतिम किस्त 13 सितंबर 2024 को चार लाख 50 हजार रुपये की थी।
मंगेश ने आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। कानूनी कार्रवाई की बात कहने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने अन्य लोगों से भी धोखाधड़ी की है। वे अब विदेश भागने की तैयारी कर रहे हैं। जांच अधिकारी मनेंद्र कुमार ने बताया कि उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों को परखा जा रहा है।