बेहट (सहारनपुर)। सोमवार को कस्बे में संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें शामिल संतों एवं महापुरुषों की मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कड़ी सुरक्षा के बीच शोभा यात्रा कस्बे का भ्रमण करने के बाद वापस मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद संपन्न हुई।
मोहल्ला खालसा स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित जयंती समारोह का ब्लाक प्रमुख हंसराज गौतम ने संत रविदास एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर एमएलसी महमूद अली, नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान, भीम आर्मी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजीत सिंह नौटियाल, हरिराम गौतम एवं बसपा के बेहट विधानसभा क्षेत्र प्रभारी रईस मलिक ने कहा, कि हमें संत रविदास एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे संतों व महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है। जब तक हम संत और महापुरुषों के सिद्धांतों पर नहीं चलेंगे तब तक देश एवं समाज की तरक्की संभव नहीं है। कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा मंदिर परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। संत शिरोमणि गुरू रविदास के रथ की बोली 6500 रुपये में मोहल्ला खालसा निवासी विजय टोपरान के नाम छोड़ी गई। इसके बाद मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा मैन रोड से होते हुए कस्बे के गली मोहल्लों से होकर गुजरी। यात्रा की अगुवाई मशहूर बैंडबाजों के द्वारा की जा रही थी। कस्बे का भ्रमण करने के बाद यात्रा वापस मंदिर परिसर में पहुंचने पर संपन्न हुई। शोभा यात्रा के दौरान पुलिस एवं पीएसी के जवानों की तैनाती रही। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख राव लईक अहमद, अदनान कुरैशी, राजकुमार, शीशपाल, तेजपाल काम्बोज, फूलचंद बाल्मीकि, महमूद खां, शब्बीर आजाद, मोहम्मद अहमद काजमी, सीएस गुंजन, मास्टर रामकिशन, सभासद हाफिज कुरैशी, अरशद खान, नौशाद मलिक, फराज अहमद फौजी, मुस्तकीम अय्यूबी, गुड्डू पीरजादा, ब्रजभूषण, बसपा के बेहट विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बबलू कुमार आदि की मौजूदगी रही।