सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए किसानों का डाटा फीडिंग धीमी रफ्तार से चल रहा है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने निर्देश दिया कि डाटा फीडिंग में तेजी लाई जाए, ताकि समय से किसानों को इस योजना का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी तक डाटा फीडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
इस योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को लाभ दिया जाना है। जिन किसानों के पास दो हेक्टेयर तक कृषि भूमि है, उन्हें इस योजना के लिए चिह्नित किया जा रहा है। जिले के सभी लेखपालों को किसानों का डाटा फीड कराने में लगाया गया है। जिले के दो लाख से ज्यादा किसानों को योजना में लाभ मिलना है, लेकिन अभी तक 1,45,551 किसानों का ही डाटा फीड किया जा सका है।
वहीं, मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के डाटा फिडिंग कार्य की समीक्षा की, जिसमें उन्होंने कहा कि डाटा फीडिंग में तेजी लाई जाए। किसानों से डाटा इकट्ठा करके तेजी से फीड़ कराएं। इस दौरान बताया गया कि योजना के लिए अभी तक सहारनपुर सदर तहसील में 22765, बेहट तहसील में 22519, नकुड़ तहसील में 35739, देवबंद तहसील में 21341, रामपुर तहसील में 43187 सहित 1,45,551 कृषकों का डाटा फीड किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि 20 फरवरी तक शेष कृषकों का डाटा फीडिंग का कार्य पूर्ण करा लिया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाए। इस दौरान कृषि विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।