सहारनपुर। देवबंद के रणखंडी पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक कुलदीप की मौत के मामले में कार्रवाई न होने पर परिजनों में रोष व्याप्त है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि न्याय नहीं मिला तो एडीजी कार्यालय पर धरना देंगे।
उपनिरीक्षक कुलदीप की मौत के मामले को लेकर उसके परिजन अधिकारियों पर लगातार आरोप लगा रहे हैं। कुलदीप के बहनोई एडवोकेट सुधीर बालियान ने आरोप लगाया कि सहारनपुर पुलिस के अधिकारी आरोपी इंस्पेक्टर अभिषेक सिरोही को संरक्षण दे रहे हैं। उसे पद तक से नहीं हटाया है, जबकि आरोपी पर हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। अभी तक जांच भी शुरू नहीं हो सकी है। अब मेरठ के अधिकारियों से न्याय मांगेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) से इस मामले में मिलने गए, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिला तो परिवार के साथ एडीजी कार्यालय पर धरना देंगे। न्याय के लिए अंत तक संघर्ष किया जाएगा, चाहे धरना कितने ही दिन क्यों न देना पड़े। उधर, एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि दर्ज कराई गई रिपोर्ट की विवेचना सीओ द्वितीय मुकेश मिश्र को दी गई है।