बापू हेम सिंह के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प
गंगोह। गांव दैदनोर स्थित क्षेत्र के विख्यात गुरुद्वारे में बापू हेम सिंह के जन्मदिवस पर अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। गुरुद्वारा दैदनोर में बापू हेम सिंह के जन्मदिवस पर कार्यक्रम की शुरूआत मंगलवार को गुरुग्रंथ साहिब के अखंड पाठ से हुई थी। बृहस्पतिवार को अखंड पाठ का भोग पड़ा। इसके बाद जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के नारों के बीच लंगर आरंभ हुआ जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गुरुद्वारे में बाहर से आए रागी जत्थों ने कीर्तन दरबार सजाया। पंजाब के भाई फौजा सिंह फकीर, हरजिंद्र सिंह और जगमोहन सिंह के नेतृत्व में आए दाढ़ी जत्थे ने संगत को निहाल किया। कार्यक्रम शाम तक चलता रहा। ग्रंथी दलबीर सिंह, सरदार निर्मल सिंह, बलबीर सिंह, प्रीतम सिंह, दीदार सिंह के अलावा बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोग मौजूद रहे। ब्यूरो