पितृ विसर्जन संपन्न होते ही नवरात्रों की तैयारी में जुटे लोग
देवबंद (सहारनपुर)। मंगलवार को पितृ विसर्जन संपन्न होने के बाद अब लोग नवरात्रों की तैयारियों में जुट हए हैं। बुधवार से शारदीय नवरात्र आरंभ होने जा रहे हैं इसके लिए बाजारों में पूजा अर्चना तथा व्रत में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीददारी करने में लोग मशगूल दिखाई पड़े।
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पं. सतेंद्र शर्मा ने कहा कि बुधवार को श्रद्धालु मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री देवी की उपासना करेंगे। उन्होंने बताया कि मां की महिमा न्यारी है। भक्तों को मां की भक्ति का फल अवश्य मिलता है। माता का व्रत रखने से स्मृद्धि में बढ़ोतरी होती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे नवरात्रों में मंदिर में बिजली, पानी, सफाई और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नवरात्र आरंभ होते ही गणेश पूजन करने के पश्चात घट स्थापन जौ बोकर करनी चाहिए। नवरात्रों में गंदगी रूपी कुरीति को दूर किया जाए। सामथ्र्य अनुसार नवरात्रों में प्रतिदिन व्रत करना लाभकारी होता है। पूजा स्थल शुद्ध होना चाहिए। देवी के नौ स्वरूपों की सुबह के समय पूजा करनी चाहिए। वहीं बाजारों में नगर देहात से पहुंची महिलाओं ने पूजा अर्चना तथा व्रत में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीददारी भी की। वहीं, मंदिर कमेटी ने प्रशासन से अधूरे पड़े मेला गेट को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।