पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : कमिश्नर
सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इनके चिन्हांकन के लिए होने वाले सर्वेक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्ट दी जाएगी। प्रशासन पात्रों को हर हाल में लाभान्वित करना चाहता है।
शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने बैठक से सहकारिता विभाग के उप निदेशक के बिना बताए गायब रहने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शत-प्रतिशत कार्य कराकर रैंकिंग में सुधार लाया जाए, सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की समीक्षा करके विकास कार्यों तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस में भेजे गए जवाब संतोषजनक होने चाहिए और जनप्रतिनिधियों के पत्रों का उत्तर समय से दिए जाएं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी में भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य करायें। उन्होंने आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता को इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत नक्शा बनाकर 20 अगस्त तक प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए। पौधरोपण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए वन संरक्षक वीके जैन को सेल्फी की संख्या संकलित करके प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त तक जनपद में चलने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में संबंधित अधिकारी बेहतर कार्य करते हुए प्रथम आएं।
एंटी भूमाफिया अभियान के तहत सरकारी जमीन पर जहां-जहां कब्जा हुआ हो उसका चिन्हांकन करके पोर्टल पर फीड भी कराएं। उन्होंने आईसीडीएस की समीक्षा करते हुए कहा कि आधार कार्ड की फीडिंग में गति लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी एवं सीडीओ निगरानी करें कि उनके जनपदों में पोषाहार समय से वितरित हो रहा है या नहीं। बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना व उजाला योजना की स्थिति की जानकारी लेते कहा कि इसकी अनुपालन आख्या 26 अगस्त तक प्रस्तुत की जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पाठशालाओं, स्कूल, कालेज, आंगनबाड़ी केन्द्र कार्यालयों आदि का आकस्मिक निरीक्षण करने और अधिकारियों को नामित करते हुए उनसे भी निरीक्षण कराकर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने अपर निदेशक बेसिक को स्कूल चलो अभियान के तहत ड्रेस वितरण, पुस्तक, जूतों के वितरण कार्य में तेजी लाने को कहा। संयुक्त निदेशक कृषि को किसानों के पंजीकरण कार्य में गति लाने एवं कृषक ऋण मोचन योजना के अंतर्गत कितने किसानों की आवेदन अभी तक लम्बित है, उनका निस्तारण करते हुए सूचना देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सहारनपुर आलोक कुमार पांडेय, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, जिलाधिकारी शामली सहित तीनों जनपदों के सीडीओ, नगर आयुक्त, अपर आयुक्त, संयुक्त विकास आयुक्त आदि रहे। इस अवसर पर उन्होंने कर-करेत्तर व राजस्व वसूली कानून व्यवस्था की समीक्षा भी की।