सहारनपुर। लगातार हो रही बारिश से शहर की कई कॉलोनियां और सड़कें जलमग्न हो गईं। इतना ही नहीं, कलक्ट्रेट, पुलिस लाइन और ऑफिसर कॉलोनी तक में भारी जल भराव होने से अधिकारी भी परेशान रहे। बारिश के बीच वाहनों के चलने से शहर की अनेक सड़कों भी जगह-जगह से टूट गई हैं। उधर, बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसकी वजह से गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है।
बृहस्पतिवार की तड़के चार बजे शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर लगातार पड़ रही है। इसकी वजह से शहर की चंद्रनगर, ओजपुरा, नवीननगर, हसनपुर, मिशन कंपाउंड, शंकरपुरी, भगवती कॉलोनी, माधोनगर, नुमाइश कैंप आदि कॉलोनियों में जलभराव रहा। बेहट रोड पर बालाजी धाम पास सड़क पर भारी जल भराव से यातायात प्रभावित रहा। लगातार बारिश के बीच भारी वाहनों के चलने से कई जगह पर सड़कें टूट गई हैं। इसके कारण राहगीरों को परेशानी रही। जलभराव की मुख्य वजह इस बार नगर निगम के द्वारा नाले और नालियों की सफाई न कराया जाना है। आलम यह रहा कि कलक्ट्रेट और पुलिस लाइन में भी भारी जल भराव रहा। इसकी वजह से अधिकारियों को परेशानी रही। बारिश के कारण तापमान में भारी कमी दर्ज की गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसकी वजह से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।
-----------------------------------------
गन्ना और धान के किसानों के चेहरे खिले
दो दिन से हो रही बारिश से खेत भी पानी से जलमग्न हैं। ऐसे में गन्ना और धान उगा रहे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। किसान हरकेश चौधरी और अरुण ने बताया कि आजकल की बारिश धान और गन्ने की फसलों के लिए खाद का काम करती है, जिसमें फसलें अच्छी ग्रोथ करती हैं। उन्होंने बताया कि ज्यादा बारिश से सब्जी की फसलों को नुकसान हो सकता है।