सहारनपुर। संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में दो से 30 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जाएगा। जिसके तहत चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य सहयोगी विभाग मिलकर जन जागरूकता अभियान चलाएंगे। अभियान के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को डीएम आलोक कुमार पांडेय ने विकास भवन सभागार में बैठक ली, जिसमें अनेक विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
संचारी रोग नियंत्रण माह को चलाने के लिए चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग नामित किया गया है। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने अभियान को सफल बनाने में विभिन्न विभागों को कार्ययोजना के अनुसार समन्वय स्थापित करते हुए सहयोग करने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने अभियान की सफलता के लिए ब्लॉक स्तर पर ग्रामवार कार्ययोजना बनाकर नियंत्रण गतिविधियां और जन जागरूकता अभियान समन्वय समितियां गठित करने की बात कही। नोडल अधिकारी डॉ. शिवांका गौड़ ने अभियान की सफलता के लिए सहभागिता के बारे में अपनी बात रखी। बैठक में शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, जल संस्थान, नगर निगम, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास, मनोरंजन विभाग, ग्राम विकास विभाग, सूचना विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, नागरिक सुरक्षा विभाग आदि के अधिकारी मौजूद रहे।