सहारनपुर। एसडीएम सदर संगीता ने शुक्रवार को चिलकाना रोड से अवैध खनन सामग्री से भरी दो ट्रॉलियों को पकड़ा। एसडीएम को शिकायत मिली थी कि चिलकाना रोड पर रेत और बजरी का कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहा है, जिसमें अवैध रूप से खनन सामग्री लाई जा रही है।
इसके बाद एसडीएम दल-बल के साथ चिलकाना रोड पर पहुंचीं। उन्होंने गांव हलालपुर के पास रेत से भरी दो ट्रॉलियों को पकड़ा। पूछताछ में ट्रैक्टर चालकों ने अपने नाम मुंतजीर और राशिद बताया। वह रेत को कहां से ला रहे थे? इस बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पाए। एसडीएम ने बताया कि यह लोग सस्ते दाम पर बाहर से खनन सामग्री लाकर चिलकाना रोड पर स्टोर कर रहे हैं, जहां से महंगे दाम पर सामग्री बेची जा रही है। एसडीएम ने दोनों ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़कर थाने के हवाले कर दिया।