सहारनपुर। देहरादून रोड पर जनकपुरी थाना क्षेत्र के नौ गजा पीर के निकट स्थित काली नदी के पुल से गुजरते समय असंतुलित होकर ट्रैक्ट ट्राली नदी में जा गिरी। चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई।
जनकपुरी थाना क्षेत्र में देहरादून रोड पर नौ गजा पीर के पास ही काली नदी का पुल पर बुधवार को लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि पुल के जीर्ण-शीर्ण हालत में होने के चलते सड़क के गड्ढे को बचाने के प्रयास में अचानक ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ ट्राली समेत काली नदी में जा गिरा। संतुलन बिगड़ कर काली नदी में गिरते देख ट्रैक्टर चालक तुरंत ही ट्रैक्टर छोड़ कर एक ओर कूद गया। जिससे उसकी जान बच गई। लोगों का कहना है कि सालों से जीर्ण-शीर्ण हालत में है। इसकी मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जबकि पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड व दिल्ली तक के वाहन पुल से होकर गुजरते हैं। काफी समय से पुल के निर्माण की मांग की जा रही है। लेकिन कोई मरम्मत तक के लिए तैयार नहीं है।