दुर्गापुरी में इनवर्टर से उठी चिंगारी से घर में लगी आग
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के दुर्गापुरी कालोनी में एक मकान में इनवर्टर में हुए शार्ट सर्किट से आग लग गई। इनवर्टर से उठी चिंगारी के बाद आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंचीं। लेकिन गली संकरी होने के कारण गाड़ी मकान तक नहीं पहुंच सकी। बाद में सरसावा से छोटी गाड़ी पहुंची। लेकिन तब तक मकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।
दुर्गापुरी कालोनी में हनी का मकान है। हनी दवाइयों की सप्लाई का काम करता है। दोपहर करीब एक बजे हनी के मकान में रखे इनवर्टर में हुए शार्ट सर्किट से आग लग गई। उस समय परिवार के लोग घर पर नहीं थे। धुआं उठता देख लोग मकान की ओर दौड़े। अंदर जाकर देखा तो आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया था। लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड़ को सूचना दी। दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन गली काफी लंबी और संकरी होने के चलते अंदर तक नहीं पहुंच पाईं। ये बाहर ही खड़ी रह गईं और आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने सरसावा से छोटी गाड़ी मंगवाकर आग को बढ़ने से रोका। जब तक आग पर काबू पाया गया। मकान का पूरा सामान जलकर राख हो गया।