सहारनपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस-जे परीक्षा में सफलता हासिल कर केवल दो परिवारों ही नहीं, बल्कि जनपद का भी नाम रोशन किया है। बहू की सफलता से परिवार में होली की खुशियां कई गुना बढ़ गई हैं। परिणाम जारी होने के बाद परिवार को बधाई संदेश मिलने लगे।
मूल रूप से देहरादून की रहने वाली तनुजा कश्यप की शादी तीन महीने पहले ही सहारनपुर के बापूजी नगर निवासी निशांत कुमार के साथ हुई थी। निशांत गुरुग्राम में एक कंपनी में जॉब करता है। तनुजा ने उत्तराखंड लोक सेवा अयोग की पीसीएस-जे 2017 की परीक्षा दी थी। 26 और 27 फरवरी 2018 को साक्षात्कार हुआ, जिसमें तनुजा कश्यप ने सफलता हासिल की। तनुजा के ससुर राजेश कुमार कश्यप कोषागार सहारनपुर में कार्यरत हैं। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता कैप्टन ताराचंद, मां, सास-ससुर और पति को दिया है। बताया कि इन सबके सपोर्ट के बिना सफल होना आसान नहीं था। ससुर राजेश कुमार का कहना है कि किसी का बेटा या बेटी नाम रोशन करते हैं मगर हमारे अपने बच्चों के साथ ही बहू ने भी नाम रोशन किया है। चंद्रभान कश्यप, प्रेमवती, रीता, प्रवीण, छवि, पंकज, मीनू, विशाल आदि ने तनुजा और पूरे परिवार को बधाई दी।