सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि बाजारों में यातायात सुगम बनाने के लिए व्यापारी अतिक्रमण हटवाने में सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक में डीएम ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामपुर मनिहारान के डेरी व्यापारी राकेश अरोड़ा के हत्यारों को पकड़ने में कोई कसर बाकी ना रखें। उन्होंने कहा कि सब्जी व फल मंडी में जिन भी लोगों ने स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण कर रखे हैं, उनको तोड़कर कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि पुल दाल मंडी के गुच्छा मार्केट के पास नगर निगम को पिछले एक वर्ष से जगह उपलब्ध कराने के पश्चात भी शौचालय का निर्माण नही कराया गया। हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कार्य पूर्ण हो गया है। घंटाघर पर टैंपुओं और बसों की भीड़ लगी रहती है। जिलाधिकारी ने नगर निगम व परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले ई-रिक्शा का सड़कों पर दौड़ना बंद किया जाए। उन्होंने बाजारों में जलभराव की समस्या का त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बस अड्डे शहर से बाहर कराए जाने की मांग पर परिवहन निगम अधिकारियों ने बताया इस संबंध में कार्रवाई की जा चुकी है। व्यापारियों ने बताया गया कि जोगियान पुल एवं ढमोला पुल के बीच अंसारी रोड जूता चप्पल मार्केट के सामने कुछ लोगो ने सार्वजनिक सड़क पर कब्जा कर रखा है। पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह, नगर निगम, मंडी परिषद सहित कई विभागों के अधिकारी व जिला स्तरीय व्यापार बंधु के पदाधिकारी मौजूद थे।