ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से रामपुर मनिहारान के शहर काजी के भतीजे की मौत
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर पर ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने रामपुर मनिहारान के शहर काजी के भतीजे की मौत हो गई। जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामपुर मनिहारन के शहर काजी एतेमाद-उल-हक का भतीजा इमरान (35 वर्ष) पुत्र मौलवी नजम सोमवार को अपनी बाइक से किसी काम से अंबाला रोड पर जा रहा था। उसी समय अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर पर अंबाला की ओर से तेज गति से ट्रैक्टर ट्राली आ गई। बड़ी नहर पर पहुंचते ही ट्रैक्टर ट्राली का संतुलन बिगड़ गया। कुतुबशेर पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार इमरान को कुचल दिया और साइकिल पर जा रहे दो छात्रों को भी टक्कर मार कर घायल कर दिया। इमरान की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना होते ही मौके पर भीड़ लग गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक इमरान को बिना किसी कार्रवाई के ही ले गए।
जबकि दुर्घटना में घायल हुए अस्पताल में भर्ती मुदस्सिर एवं अलसलम ग्राम चकादमपुर के निवासी हैं। दोनों छात्र इस्लामिया इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र हैं। दोपहर दोनों एक ही साइकिल द्वारा अपने घर जा रहे थे। उसी समय ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी।