बिजली आपूर्ति बाधित होने से नामांकन में परेशानी
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने के कारण रामपुर मनिहारान एवं नानौता नगर पंचायत की नामांकन प्रक्रिया में परेशानी हो रही। ब्लाक कार्यालय परिसर में चार नवंबर से कराई जा रही है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से नामांकन की कंप्यूटर आनलाइन प्रक्रिया में आपरेटर को बड़ी दिक्कतें हो रही हैं। जनरेटर पर कंप्यूटर सही काम नहीं कर रहे हैं।
शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी रही और रविवार को सुबह तीन घंटे बंद पड़ी रही। रामपुर 33/11 से इस्लामनगर फीडर से जुडे़ शिवपुरी एवं ब्लाक कालोनी स्थित खंड विकास कार्यालय को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। खंड विकास कार्यालय में रामपुर मनिहारान और नानौता नगर पंचायत की नामांकन प्रक्रिया कराई जा रही है। जहां पर विद्युत आपूर्ति सही नहीं मिलने पर कंप्यूटर अपरेटरों को दिक्कतें आ रही हैं। नामांकन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार रमेश चंद ने विद्युत आपूर्ति के संबंध में एसडीओ संजय सिंह बात की तो उन्होंने सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आपूर्ति देने के लिए पत्र भेजने की बात कही है।