अपराधियों को शह देने वालों को भी नहीं बख्सेगी सरकार
देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों की जगह सिर्फ जेल में है। अपराध करने वालों के साथ उनको शह देने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।
बृहस्पतिवार को अंबहेटा शेखां पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने बीए की छात्रा पारुल की हत्या पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिलाया। कश्यप ने कहा कि हत्याकांड में शामिल एक भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में एसएसपी से वार्ता कर हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा कराया जाएगा। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने केंदुकी गांव में एक पखवाड़ा पूर्व हुए संघर्ष में गोली लगने से घायल हुए भाजपा नेता नीटू के परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिलाया। इसके बाद बिजेंद्र कश्यप डांडी थामना गांव पहुंचे। जहां हत्या के एक मामले में परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अबंहेटा शेखां, केंदुकी और डांडी थामना प्रकरणों में पीड़ितों की मदद की जाएगी। इस मौके पर अनिरुद्ध त्यागी, अश्वनी बालियान, राकेश सिंह, अजीत सिंह राणा, राजकुमार सिंह, यशवंत राणा, अखिल वत्स, चंद्रपाल चौधरी आदि रहे।