श्री राधा वल्लभ मंदिर में झूला उत्सव संपन्न
देवबंद (सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री राधा वल्लभ मंदिर में हरियाली तीज से आरंभ हुआ झूला उत्सव रक्षाबंधन पर्व पर संपन्न हो गया। मंदिर में भजन मंडली द्वारा श्री हितकारी महाप्रभु के जन्मोत्सव की बधाई रसिकजनों द्वारा की गई।
करीब एक पखवाड़े तक चले झूला उत्सव कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन मंदिर जाकर ठाकुरजी के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य किया। तत्पश्चात राजभोग प्राप्त करके श्री जी के विलक्षण दर्शन कर श्रद्धालु झूम उठे। भव्य फूल बंगला बनाया गया। रसिक परिवार द्वारा ठाकुर जी को नित्य नई पोशाक धारण कराई गई। ठाकुर जी के श्रृंगार की अद्भुत छटा देखने योग्य रही। सेवा अधिकारी सुखलाल गोस्वामी ने भजन मंडली द्वारा सुमंगल गान करने पर आभार जताया। इस मौके पर शशि गोस्वामी, नवनीत लाल गोस्वामी, हितेश गोस्वामी, महेश गिरधर, सुशील गोयल, राजकुमार जाटव, अजय टंडन, मोनू बंसल, अरविंद तायल, नीटू त्यागी, विजय गर्ग, मनोज गोयल, बिजेंद्र गोयल आदि मौजूद रहे।