एचटी करंट से युवक झुलसा, गंभीर
नानौता (सहारनपुर)। हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर किया गया है।
मंगलवार रात करीब 2 बजे नगर की देवबंद रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार टूटकर एलटी लाईन पर गिर गए। इससे वहां रखे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। एलटी लाईन में एचटी लाईन का करंट दौड़ने से कॉलोनी निवासी राजेश पाल के घर में रखे इंवर्टर में भी आग लग गई। इसी बीच राजेशपाल के पुत्र गौरव पाल ने इंवर्टर को बंद करने का प्रयास किया तो करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गौरव की चीख सुनकर उसके पिता ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। शोर शराबा सुनकर आस-पास के लोग एकत्र हो गए। गंभीर रूप से करंट से झुलसे गौरव को उसके पिता और अन्य लोगों द्वारा सीएचसी पर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल पर भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रैफर किया गया।