सहारनपुर मंडल की 12 चीनी मिलें पिछले सत्र यानी वर्ष 2015-16 के गन्ने के बकाये का पूरा भुगतान कर चुकी हैं। अब 97 फीसदी बकाये का भुगतान किसानों को कर दिया गया है।
उप गन्ना आयुक्त सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पिछले सीजन का वाजिब कुल गन्ना मूल्य 2742 करोड़ 26 लाख रुपये में से चीनी मिलों ने 2658 करोड़ 79 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है, जो कुल गन्ना मूल्य का 97 फीसदी है।
बताया कि पिछले सीजन का पूरा गन्ना मूल्य भुगतान करने वाली देवबंद, गागनौली, शेरमऊ, नानौता, सरसावा, रोहाना कलां, मंसूरपुर, खतौली, तितावी, टिकौल, खाईखेड़ी और मोरना नए सीजन का भी 342 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी हैं।
सिंह ने बताया कि अब शामली, ऊन, थानाभवन, और भैंसाना चीनी मिलों पर ही पिछले वर्ष का गन्ना मूल्य शेष रह गया है। शामली चीनी मिल पर 24 करोड़ 30 लाख, ऊन पर 46 करोड़ 13 लाख, थानाभवन पर तीन करोड़ 68 लाख तथा भैंसाना मिल पर नौ करोड़ 33 लाख रुपये बकाया है।
उप गन्ना आयुक्त की ओर से उक्त चीनी मिलों को शीघ्र भुगतान करने के साथ ही नए स्तर का गन्ना मूल्य भुगतान भी शुरू करने को कहा गया है।