सहारनपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर महानगर में विशाल मानव शृंखला बनाई गई। बेहट अब अड्डे से लेकर दिल्ली रोड के चुनहेटी फाटक तक करीब 12 किलोमीटर तक बनी मानव शृंखला में काफी संख्या में छात्र-छात्राओं, विभिन्न संगठनों से जुड़े नागरिक शामिल हुए। जिलाधिकारी ने सभी को सड़क सुरक्षा संबंधित शपथ ग्रहण कराई। जनपद में तहसील, ब्लॉक स्तर पर भी मानव शृंखला बनाई गई।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सोमवार को परिवहन विभाग की ओर से मानव शृंखला बनाने का कार्यक्रम हुआ। बेहट अब अड्डे से लेकर नेहरू मार्केट, घंटाघर, कोर्ट रोड, कलक्ट्रेट तिराहा, दिल्ली रोड, हसनपुर चौक, चुनहेटी फाटक तक करीब 12 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला में कई हजार छात्र-छात्राएं, व्यापारी, सिविल डिफेन्स, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड समेत काफी संख्या में नागरिक शामिल हुए। स्कूलों के विद्यार्थी अपने विद्यालय से रैली निकालते हुए मानव शृंखला में अपने निर्धारित स्थान पर आकर शामिल हुए। सभी यातायात सुरक्षा संबंधित तख्तियां और पत्रक लिए हुए थे।
सड़क सुरक्षा संबंधित शपथ ग्रहण समारोह क्लक्ट्रेट तिराहे पर हुआ। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एडीएम वित्त रजनीश कुमार मिश्र, संभागीय परिवहन अधिकारी राधेश्याम, देवमणि भारतीय, एआरटीओ आरपी मिश्रा, महेंद्र बाबू गुप्ता, खेमानंद पांडे आदि अधिकारी शामिल हुए। निर्धारित समय सुबह 11 बजे जिलाधिकारी ने सभी को यातायात नियमों को पालन करने हुए सड़क सुरक्षा संबंधित शपथ ग्रहण कराई। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हम सबको मिल कर प्रयास करना चाहिए। सड़क सुरक्षा संबंधित शपथ केवल पढ़ना नहीं है, वरन हम सबको इसको जीवन में उतारना चाहिए, तभी सही मायनों में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
मानव शृंखला कार्यक्रम में सीओ यातायात चित्रांश गौतम, यातायात निरीक्षक सुधीर कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता प्रेम सिंह, प्रवीण कुमार, बीएसए अंबरीश कुमार, रविंद्र मिगलानी, शीतल टंडन, मुकुंद मनोहर आदि शामिल हुए।