सहारनपुर। सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी ने बुधवार को सहगल नेत्र चिकित्सालय एवं मेटरनिटी सेंटर का औचक निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। सुधार नहीं करने की स्थिति में अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी संचालक को दी।
निरीक्षण के दौरान डॉक्टर अंजू सहगल मौजूद मिलीं। अस्पताल के सामने बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से राहगीरों को परेशानी हो रही थी। खुद सीएमओ की गाड़ी को निकलने में दिक्कत रही। सीएमओ ने डॉक्टर को गार्ड की व्यवस्था करने को कहा, जो वाहनों को ठीक से खड़ा करा सके। बायो मेडिकल वेस्ट पत्रावली देखी, जिसमें केवल दो फरवरी तक के वेस्ट निस्तारण की एंट्री दर्ज थी। इसके बाद बायो मेडिकल वेस्ट के डस्टबीन चेक किए गए। स्टाफ ने बताया कि वेस्ट लेने के लिए अभी गाड़ी नहीं आई है। सीएमओ ने इधर उधर गंदगी नहीं फैलाने तथा अस्पताल में आने वाले तीमारदारों के लिए शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने पर पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी।