बेहट (सहारनपुर)। ससुराल से आ रहे युवक की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठी उसकी 2 साल की बच्ची को हल्की चोट लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। हादसा दोपहर करीब दो बजे गंदेवड़-रायेपुर रोड पर हुआ। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के भुड्डी गांव निवासी अशोक पुत्र सरजीत यहां कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव मीरगढ़ उर्फ सुल्तानपुर माली में अपनी ससुराल में आया था। दोपहर के समय जब वह अपनी दो साल की बेटी शिवांगी के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था, तो रायेपुर रोड पर उसकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की सड़क पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम शिवांगी उछल कर दूर जा गिरी। उसे हल्की चोट आई है। राहगीरों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को सीएचसी बेहट भिजवाया और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने घायल बच्ची को परिजनों को सौंपने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार अशोक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।