कार्ड धारकों को दूसरी दुकानों से संबद्ध किया
देवबंद (सहारनपुर)। अनियमितताओं के आरोप में निलंबित की गई राशन की दुकानों से जुड़े कार्डधारकों को आपूर्ति विभाग ने अन्य दुकानों से संबद्ध कर दिया है ताकि कार्डधारकों को समय से खाद्यान और मिट्टी तेल का वितरण किया जा सके।
पिछले माह आपूर्ति विभाग ने अनियमितता के आरोप में करीब 16 राशन डीलरों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। लेकिन दुकानों के निलंबन के बाद से कार्डधारकों को खाद्यान और मिट्टी तेल समय पर नहीं मिल पा रहा था। इस परेशानी को देखते हुए निलंबित दुकानों के कार्डधारकों को दूसरी दुकानों से संबद्ध कर दिया है।
आपूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि मोहल्ला फौलादपुरा में उर्मिला की दुकान के कार्डधारकों को मोहल्ला खानकाह में राकेश कुमार सिंघल, मोहल्ला किला के कौशल सिंघल और इसरार अहमद को मटकोटा में सदाकत खान, लहसवाड़ा के हरिकिशन और छिंपीवाडा की कुसुमलता को कोहला के प्रदीप कुमार, जोशीवाड़ा के राकेश कुमार को रविदास मार्ग की सारिका, मोहल्ला दीवान के नईम को खानकाह में राकेश सिंघल, अबुलमाली के महबूब को बड़जियाउलहक के मोहम्मद असजद उल्लाह, कायस्थवाड़ा के इरशाद अली को इसी मोहल्ले के प्रमोद कुमार, कायस्थवाड़ा के सुभाष चंद को इसी मोहल्ले के रेणु कुमार, कायस्थवाड़ा के ही विनोद प्रकाश गुप्ता को बेरुन कोटला के शाहिद, मोहल्ला दुद्धा के सोमपाल को पठानपुरा के सुरेंद्र, नेचलगढ़ के शशि छाबड़ा और नीलम रानी को पठानपुरा के मोहन लाल और गांधी कालोनी के गौरव सचदेवा के कार्डधारकों को शुगर मिल के राजकुमार के यहां संबद्ध कर दिया गया।