सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को दस सितंबर तक खुले में शौच (ओडीएफ) किया जाना है। शासन ने शौचालय निर्माण के कार्यों को हर हाल में पूरा कर पोर्टल पर फोटो अपलोड करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद की 887 ग्राम पंचायतों में 630 खुले में शौच से मुक्त हो चुकी हैं। बाकी बची ग्राम पंचायतों में दस सितंबर तक शौचालय निर्माण कराकर जिले को ओडीएफ घोषित करना है। दो दिन पूर्व हुई वीडियो कांफ्रेंस में शासन ने अधिकारियों को हर हाल में दस सितंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पोर्टल पर ओडीएफ हो चुके गांवों और बनाए गए शौचालयों के फोटो अपलोड करने के लिए कहा। इसको लेकर मुख्य विकास अधिकारी रेणू तिवारी ने समस्त ग्राम पंचायत अधिकारियों और सचिवों जल्द कार्य पूरा कर फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समय में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। किसी अधिकारी या कर्मचारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।