पशु चिकित्सक के न आने से परेशान
चिलकाना। पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सक न आने तथा पशुपालकों से पशुओं की चिकित्सा कराने के नाम पर पैसा वसूलने की शिकायत सचिव पशुधन विभाग से की गई है। गांव पंचकुआ तथा बरथाकायस्थ के लोगों ने जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को विभाग के पोर्टल पर शिकायत भेज कर अवगत कराया है कि गांव बरथाकायस्थ में पशु पालन विभाग का अस्पताल है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक प्रतिदिन अस्पताल में नहीं आता है। विभाग द्वारा अस्पताल में भेजी गई दवाईयों का पैसा वसूलता है। यदि कोई पशुपालक चिकित्सक को पैसा नहीं देता है तो वह उनके पशुओं की जांच करने नहीं जाता है। पशु चिकित्सक इसी क्षेत्र का रहने वाला है तथा पिछले 10 वर्षों से एक ही अस्पताल में तैनात है जो कि नियम विरूद्ध है। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। शिकायत करने वालों में रणधीर सिंह, तालिब, रामस्वरूप, कृपाल सिंह, मांगेराम, गुल्लू, वकील, भूरा, पप्पू, खालिद आदि है। उधर, पशु चिकित्सक का कहना है कि पैसा वसूलने के आरोप गलत हैं।