सहारनपुर। पुलिस लाइंस में आयोजित महिला परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के बाद पांच पक्षों में सुलह समझौता कराते हुए पति-पत्नी को परिजनों के साथ भेजा गया।
रविवार को पुलिस लाइंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में महिला परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। जिसमें पति-पत्नी में चल रहे विवाद की सुनवाई की गई और काउंसलिंग करा कर विवाद को समाप्त कराने का प्रयास किया गया।
काउंसलरों के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्यासागर मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विनीत भटनागर, क्षेत्राधिकारी देवबंद सिद्धार्थ ने परामर्श केंद्र में बुलाए गए परिवारों के बीच काउंसलिंग की। केंद्र में कुल 35 मामलों की सुनवाई की गई। जिनमें से पांच मामलों में पति-पत्नी के बीच आई दरार को दूर कर दोनों के मध्य सुलह कराई गई। एक मामले में पत्नी की शिकायत सही होने पर एफआईआर कराने की संस्तुति की गई। शेष मामलों में दोनों पक्षों में से एक पक्ष की अनुपस्थिति के चलते अगली तारीख लगाई गई। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि परिवार परामर्श केंद्र में अधिक से अधिक मामलों को निपटाने के प्रयास किए जाएंगे। प्रयास किया जाएगा कि कोई भी परिवार टूटने न पाए।