देवबंद (सहारनपुर)। फतेहपुर गांव में हुई मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष को ही उठा लेने के मामले में मंगलवार की देर रात्रि भाजपा नगर अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
तलहेड़ी खुर्द गांव निवासी आदेश फतेहपुर गांव में जमीन बटाई पर लेकर खेती करता है। दो दिन पूर्व खेती में इस्तेमाल होने वाले उसके कुछ उपकरण चोरी हो गए थे। आरोप है कि उक्त उपकरण प्रधान प्रतिनिधि सुभाष के घर में रखे मिले जिसे वह उसकी अनुपस्थिति में वहां से उठाकर ले आया। जिसकी जानकारी मिलते ही सुभाष गुस्से से भर गया और उसने अपने साथियों से कहकर खेत पर काम कर रहे आदेश समेत सुशील, छोटू और घसीटू को घर बुलवा लिया। आरोप है कि वहां सुभाष ने उनके साथ मारपीट की जिसमें वह घायल हो गए। बाद में पीड़ित पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही कोतवाली में बिठा लिया। पुलिस का कहना था कि प्रधान प्रतिनिधि ने उनके खिलाफ तहरीर दी हुई है। देर रात जब मामले की जानकारी भाजपा नगर अध्यक्ष गजराज राणा को हुई तो वह दीपक त्यागी, अजय गर्ग, तेलूराम, आलोक आदि कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे जहां उनकी पुलिस से कहासुनी हो गई। जिसके बाद वह कोतवाली के सामने ही कुर्सियां डालकर धरने पर बैठ गए। बताया जाता है कि इस दौरान गजराज राणा की फोन पर कोतवाल के साथ भी कहासुनी हुई। देर रात एक एसआई ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद भाजपाइयों ने धरना समाप्त किया। गजराज राणा ने बताया कि पुलिस मनमाना रवैया अपना कर सरकार को बदनाम करने का कार्य कर रही है। पूरे मामले से हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। उधर, सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है जांच कराई जा रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।