सात दिन का ब्लॉक देने में खड़े कर दिए हाथ
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर एक ओर से पूरे स्टेशन पार करते हुए दूसरे ओर तक जाने के लिए होने वाले पुल के निर्माण में अभी देरी होगी। इस पुल का निर्माण करने वाली संस्था ने सात दिन का ब्लॉक मांगा था। इतने दिन रेलवे यातायात के प्रभावित होने से होने वाले नुकसान को देखते हुए रेलवे मुख्यालय ने हाथ खड़े कर दिए हैं। अब इस प्रस्ताव को फिर से रेलवे को भेजा गया है।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर बने लकड़ी के पुल की स्थिति खराब हो चुकी है। इस पुल का पुनर्निर्माण होना है, लेकिन इस पुल के पुनर्निर्माण से पूर्व रेलवे द्वारा एक नया पुल तैयार करने की योजना है। यह पुल प्लेटफार्म नंबर चार पर बने पुल के स्थान पर ही बनाया जाएगा। अभी तक यह पुल सिर्फ पांच और छह नंबर प्लेटफार्म को ही जोड़ते हुए खत्म हो रहा है, लेकिन अब इसे स्टेशन के बाहर से शुरू करके स्टेशन के दूसरी ओर खलासी लाइन तक बनाया जाएगा। पुल के निर्माण के लिए बनाए जाने वाले खंभे के लिए लाइनों के बीच में खुदाई की जानी है। जिसमें लगभग 7 दिन का समय लगेगा। इसके लिए निर्माण कंपनी द्वारा सात दिन का समय लगने की बात कहते हुए सात दिन का ब्लॉक मांगा गया है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार निर्माण के समय नमी भी रह गई और उस समय कोई ट्रेन के गुजरने से वाईब्रेशन होता है तो खंभे में दरार आने का अंदेशा रहता है। जिससे पुल कमजोर होगा। सात दिन के ब्लॉक की मांग के लिए रेलवे बोर्ड को फाइल भेजी गई तो रेलवे ने हाथ खड़े कर दिए। रेलवे सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने तर्क दिया कि इतने लंबे समय के ब्लॉक से ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा जाएगा। रेलवे को भी नुकसान होगा और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जबकि सहारनपुर रेल अधिकारियों ने इस पुल को महत्वपूर्ण बताते हुए फिर से इस प्रस्ताव को रेलवे को भेजा है। हालांकि अभी तक ब्लॉक के लिए स्वीकृति नहीं मिल सकी है। जिसके चलते पुल के निर्माण में अभी देरी होगी।
-----------
--। पुल का निर्माण भी जरूरी है
वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण होना भी बहुत जरूरी है, लेकिन इतने लंबे समय तक ब्लॉक दिया जाना मुश्किल है। हालांकि रेलवे अधिकारियों को फाइल भेजी गई है। शीघ्र ही इस मामले में आदेश मिलने की उम्मीद है। जिससे निर्माण कार्य शुरू हो सके।
---------
--। पुल बनने के बाद यात्रियों को होगा फायदा
पुल का निर्माण होने से यात्रियों को प्लेटफार्म से सीधे बाहर किसी भी ओर निकलने में आसानी हो जाएगी। अभी तक प्लेटफार्म नंबर पांच अथवा छह पर ट्रेन के पहुंचने के बाद स्टेशन से बाहर आने के लिए काफी लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ता है और फिर दूसरे पुल से बाहर जाना पड़ता है। खलासी लाइन, शारदा नगर, रेलवे कालोनी, लेबर कालोनी, गलीरा रोड कालोनियों के लोगों को स्टेशन से पार जाने में काफी आसानी हो जाएगी।