नकल कराने का आरोप लगाकर किया हंगामा
नकुड़। जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा ने परीक्षा रूम में तैनात दो अध्यापकों पर नकल कराने का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप था कि दोनों अध्यापक कुछ छात्रों को प्रश्रपत्र हल करा रहे थे। इसके बाद अभिभावकों ने परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा काटा और उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही।
नकुड़-सहारनपुर रोड पर स्थित महाराजा अग्रसेन कन्या इंटर कालेज में इस वर्ष पहली बार जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया। जानकारी के अनुसार शनिवार को विद्यालय में सवा चार सौ के करीब छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद एक छात्रा निकांक्षा ने अपने अभिभावकों के सामने आरोप लगाया कि कक्ष नंबर 18 में तैनात एक अध्यापक और एक अध्यापिका कुछ छात्रों को प्रश्रपत्र हल करा रही थीं। इसके बाद अभिभावक छात्रा को स्टाफ रूम में ले गये। वहां पर छात्रा ने नकल करने का आरोप लगाया तो आरोपी अध्यापिका ने अपने बचाव में कुछ न बोलते हुए सिर झुका लिया। इसके बाद अभिभावकों ने वहां मौजूद स्टाप के सामने जमकर हंगामा काटा।
अभिभावक सागर राठी, सचिन चौधरी, प्रवीण कुमार, अमरीश आदि का कहना था कि वे नकल मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे और कार्रवाई कराएंगे। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि पांच सौ से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए बनाए गए इस परीक्षा केंद्र में व्यवस्था बनाने के लिए एक भी पुलिसकर्मी का इंतजाम नहीं किया गया था। उधर, विद्यालय की प्रधानाचार्या सीता गोयल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि समय के अभाव में वह पुलिस को सूचना नहीं दे सकी। परीक्षा के दौरान विद्यालय स्टाफ ने व्यवस्था में कोई कमी नहीं आने दी गई।